यमुना नदी पर बाढ़ नियंत्रण को लेकर किए गए कार्यों का जायजा लेने के लिए वीरवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने अधिकारियों के साथ दौरा किया। उन्होंने भैरा बाकीपुर व दहिसरा घाट पर सिंचाई विभाग की ओर से बनाई गई ठोकरों की जांच की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी व हरियाणा के कुछ जिलों में हुई बारिश के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ गया है इसलिए संबंधित अधिकारी समय-समय पर इन ठोकरों का निरीक्षण करते रहे और जरूरत पड़ने पर इनकी मरम्मत करवाए। जिससे मिट्टी का कटाव न हो सके। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना के जल स्तर पर नजर रखे। आने वाले दिनों में होने वाली बारिश के कारण यमुना के जलस्तर के बढ़ने की संभावना है। यमुना क्षेत्र में ड्यूटी देने वाले अधिकारी व कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट पर रहे। जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत हालात पर काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि यमुना बांध के अंदर बसे लोगों को भी जलस्तर के बारे में जानकारी देते रहे और जरूरत पड़ने पर इन लोगों को किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दें। जिससे जल स्तर बढ़ने पर जान-माल का नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर अधिकारी यमुना के साथ लगते गांव के सरपंचों के साथ तालमेल रखें और गांव में मुनादी करवाते रहें।