-विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने नारियल फोड़कर किया निर्माण कार्य का शुभारंभ -सीवर लाइन बिछने के बाद जर्जर हुई गलियों को मिलेगा नया स्वरूप, तय समय में काम पूरा करने के निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी सोनीपत। मालवीय नगर और विकास नगर के लोगों को जल्द ही बेहतर सडक़ सुविधा मिलने जा रही है। नगर निगम की ओर से करीब 1.71 करोड़ रुपये की लागत से दोनों क्षेत्रों में सीसी गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने नारियल फोड़कर किया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक निखिल मदान ने बताया कि कुछ समय पहले दोनों क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया गया था। इसके बाद गलियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों की मांग को देखते हुए नगर निगम अधिकारियों को तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए थे। मेयर राजीव जैन ने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कहा कि कार्य की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गलियों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। इस अवसर पर निगम पार्षद राजकुमार शर्मा, राजेश मलिक, होशियार सिंह सैनी, सुरेश गहलावत, धर्मवीर घनघस, रणबीर चहल, सुखबीर दहिया, धर्म सिंह फुलिया, रामफल खोखर, रमेश गर्ग, नीरज, नरेंद्र शर्मा मौजूद रहे।