जिले में ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को तड़के करीब चार बजे से ही वातावरण में घना कोहरा छा गया। सुबह सात बजे तक दृश्यता महज 20 मीटर रह गई, जो आठ बजे बढ़कर लगभग 30 मीटर हुई। साढ़े नौ बजे तक भी दृश्यता 50 मीटर के आसपास ही बनी रही। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की गति थम गई और सफर जोखिम भरा हो गया। घने कोहरे का सबसे अधिक असर राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर देखने को मिला। हादसों की आशंका के चलते वाहन चालक कतार में बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। कई स्थानों पर चालकों ने एहतियातन वाहन सडक़ किनारे रोक दिए। सुबह के समय दफ्तर और अन्य जरूरी कामों से निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान लगातार चार डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे सर्दी का सितम बढ़ गया है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ठंड से गेहूं की फसल को लाभ मिलने की संभावना है, जबकि सरसों और सब्जियों को नुकसान हो सकता है।