सोनीपत। बिजली, पेयजल संकट एवं बदहाल सफाई व्यवस्था से जूझ रहे शहर के नागरिकों की आवाज बुलंद करने के लिए सोनीपत समाज पंचायत की ओर से गीता भवन चौक पर धरना दिया गया। इसमें शहर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। संयोजक संजय सिंगला ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली की अघोषित कटौती, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था की बदहाली से नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कई क्षेत्रों में लोगों को रोजमर्रा की आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। शहरवासी अब केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि समस्याओं के स्थायी समाधान की अपेक्षा रखते हैं। सोनीपत समाज पंचायत ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के विरोध में नहीं, बल्कि सोनीपत शहर के हित और नागरिक सुविधाओं की बहाली के लिए है। पंचायत का उद्देश्य केवल जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाना है। प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि शहर हमारा है, इसकी बेहतरी की जिम्मेदारी भी हमारी है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से शहर के विकास के इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। धरने पर सह संयोजक अशोक खत्री, सरदार मोहन मनोचा, रविंद्र सरोहा, डॉ. पूर्णमल गौड़, जयबीर गहलावत, डॉ. धर्मवीर योगी, अविनाश सेठी, जतिन डेंबला, नरेंद्र धवन, हिमांशु कुकरेजा, सौरभ सचदेवा भी मौजूद रहे सोनीपत समाज पंचायत ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों के समक्ष इन मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। यह तय किया कि 23 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे सोनीपत समाज पंचायत के पदाधिकारी विधायक निखिल मदान से मिलकर शहर की समस्याओं से अवगत कराएंगे तथा उनके त्वरित समाधान की मांग करेंगे।