सोनीपत। जिले के गांव मलिकपुर में धतूरी रोड स्थित एक खेत से शनिवार शाम को करीब 14-15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव खेत में गड्ढे के भीतर दबा हुआ था और क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में शव दबा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई के बाद गड्ढे से शव निकलवाया। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे मृतका की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस का मानना है कि मृतका की उम्र लगभग 14 से 15 वर्ष के बीच हो सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मृतका की पहचान के लिए आसपास के जिलों के गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और अन्य आवश्यक जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।