दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती रौनक और व्यापारियों की व्यस्तता के बीच जिला व्यापार मंडल ने पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन से दुकानदारों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की है। व्यापार मंडल ने कहा कि त्योहारों के सीजन में अतिक्रमण के नाम पर दुकानदारों का सामान उठाकर उन्हें परेशान न किया जाए। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग को भी प्रतिष्ठित दुकानदारों के बार-बार सैंपल लेने के बजाय मिलावटी सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने कहा कि दीपावली व्यापारियों की सालभर की मेहनत, उम्मीदों और परिवार की खुशियों से जुड़ा पर्व है। व्यापारी पूरे वर्ष इस सीजन का इंतजार करते हैं और अपने प्रतिष्ठानों को सजाकर ग्राहकों का स्वागत करते हैं। ऐसे में त्योहार के समय अचानक अतिक्रमण के नाम पर कार्रवाई करना और दुकानों के बाहर रखा सामान उठाना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला व्यापार मंडल अतिक्रमण के खिलाफ है और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने का पक्षधर है। लेकिन अतिक्रमण हटाने का अभियान पूरे वर्ष नियमित रूप से चलना चाहिए। त्योहारों के समय व्यापारियों को राहत और सहयोग देने की जरूरत है, ताकि यातायात व्यवस्था भी बनी रहे और उनका कारोबार भी प्रभावित न हो। संजय सिंगला ने कहा कि प्रतिष्ठित व्यापारी वर्षों की मेहनत और ग्राहकों के विश्वास से अपनी पहचान बनाते हैं। कोई भी समझदार दुकानदार मिलावटी सामान बेचकर अपनी साख खराब नहीं करना चाहेगा। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की सैंपलिंग के नाम पर प्रतिष्ठित दुकानदारों को बार-बार परेशान करने के बजाय विभाग को उन लोगों पर नजर रखनी चाहिए, जो नकली और मिलावटी सामान बनाकर बाजार में बेचते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण सामान मिल सके। व्यापार मंडल के चेयरमैन संजय वर्मा ने कहा कि व्यापारी और प्रशासन एक-दूसरे के सहयोगी हैं। बाजारों की रौनक व्यापारियों की मेहनत से ही बनी रहती है। इसलिए त्योहारों के दौरान प्रशासन को ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जिसमें व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो और आमजन को भी बेहतर सुविधाएं मिलें। व्यापारियों से भी की व्यवस्था बनाए रखने की अपील जिला व्यापार मंडल ने व्यापारियों से भी अपील की कि वे दुकानों के बाहर कम से कम सामान रखें, ताकि बाजारों में आवागमन बाधित न हो। यदि किसी व्यापारी को नकली या मिलावटी सामान बेचने की जानकारी मिलती है तो वह संबंधित विभाग या जिला व्यापार मंडल को इसकी सूचना दे। व्यापार मंडल ऐसे मामलों में संबंधित विभाग से संपर्क कर उचित कार्रवाई करवाने का प्रयास करेगा। संजय सिंगला ने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य किसी विभाग का विरोध करना नहीं, बल्कि व्यापारी और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। बैठक में कोषाध्यक्ष रविंद्र सरोहा, वरिष्ठ उपप्रधान रामनारायण गोयल, सतीश गुप्ता बिन्नी, जतिन डेंबला, नवीन गर्ग, सतीश ठेकेदार, सागर वालिया, महावीर जैन, रामनिवास सिंगला, जय वर्मा और पवन बंसल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।