सोनीपत। रक्षक सेना भारत एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बुधवार को लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया और उपायुक्त नेहा सिंह को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सीएम विंडो पर वर्षों से लंबित शिकायतों को केवल एमिनेंट सदस्य के हस्ताक्षर से बंद किए जाने संबंधी आदेश का विरोध किया और प्रशासन से इस आदेश को वापस लेने की मांग की। रक्षक सेना भारत के प्रमुख मनजीत तिहाड़ा ने कहा कि सीएम विंडो आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान का माध्यम है। यदि बिना वास्तविक समाधान के शिकायतों को बंद किया जाएगा तो जनता का प्रशासन से विश्वास कम होगा। उन्होंने कहा कि एमिनेंट सदस्य का दायित्व शिकायतों के समाधान की निगरानी करना है, केवल औपचारिक रूप से फाइल बंद करना नहीं। ज्ञापन में कहा गया है कि इस व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता प्रभावित होगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी कम हो सकती है। संगठन ने मांग की कि आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, लंबित शिकायतों की समीक्षा के लिए स्वतंत्र समिति गठित की जाए। लापरवाही अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा। इस दौरान शिवानी महलाना, प्रवीण चावला, बाबा राजेश नाथ, आनंद कुमार, सुशील, दीपक जाहरी, अभिषेक, प्रेम गौतम, सतीश जांगड़ा, रमेश, मोनू, अक्षय, विष्णु, शंकर दहिया भी मौजूद रहे।