युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल से वीजा फ्रॉड से कैसे बचें राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक विश्वविद्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे हरियाणा के युवाओं तक इसका संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ फर्जी एजेंट युवाओं को अवैध ‘डंकी रूट’ से विदेश भेजने का झांसा देकर उनका भविष्य संकट में डाल रहे हैं। कई मामलों में युवा आर्थिक कर्ज, मानसिक तनाव और शारीरिक शोषण का शिकार होते हैं। प्रदेश के युवाओं को वीजा फ्रॉड और अवैध माइग्रेशन के जाल से बचाने के लिए यूके व हरियाणा सरकार की संयुक्त पहल से वीरवार को राज्यव्यापी वीजा फ्रॉड से कैसे बचें अभियान की शुरुआत की गई। यूके की ओर से जारी व्हाटसएप, चैटबॉट (+91 70652 51380) के माध्यम से युवाओं को अंग्रेजी, हिंदी, पंजाबी और तमिल में आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 30 हजार से अधिक संदेशों के जरिए लोगों को सही वीजा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा चुकी है। राज्यमंत्री गौरव गौतम ने स्पष्ट कहा, मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और शॉर्टकट सुरक्षित भविष्य नहीं देता।विदेशों में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के सपनों को सुरक्षित करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सुरक्षित और वैध माध्यम से विदेश भेजने के लिए प्रदेश सरकार ने फॉरेन कोऑपरेशन विभाग की स्थापना की गई है। कौशल विकास और विदेशी भाषा प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि किसी भी एजेंट को बड़ी राशि देने से पहले उसकी प्रमाणिकता अवश्य जांचें।