फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत के गोहाना में दिखा गैस संकट का असर, मशहूर जलेबी की दुकानों से खाली लौट रहे ग्राहक

गैस के कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति रुकने के कारण गोहाना के मिठाई निर्माताओं को नुकसान झेलना पड़ रहा है। सभी हलवाई कारीगरों को गैस की भट्ठी पर काम करने की आदत हो गई है, इसलिए अब पुरानी लकड़ी, कोयले या तेल की भट्ठियां चलाना उन्हें मुश्किल लग रहा है। हलवाइयों का कहना है कि ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच युद्ध के कारण कच्चे तेल और गैस के संकट का असर अब स्थानीय कारोबार पर भी पड़ने लगा है। गैस की कमी से मिठाइयों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। गोहाना में खासकर जलेबी के दुकानदारों को गैस की आपूर्ति ना होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि जब माल बनेगा ही नहीं तो बिकेगा क्या। गैस ना मिलने के कारण कई ग्राहक जलेबी लेने आते हैं और निराश होकर वापस लौट रहे हैं। हलवाइयों के अनुसार 5 किलो के छोटे सिलेंडर से काम नहीं चल पा रहा है और कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति भी बंद है। इस कारण कई तरह की मिठाइयों का बनना बंद करना पड़ा है। दुकानदारों ने बताया कि अब जलेबी बनाने के लिए कोयले की भट्ठी फिर से तैयार करवाई जा रही है। इसके अलावा तेल, लकड़ी और बिजली से चलने वाली भट्ठियों पर भी काम चलाने की कोशिश की जा रही है। हलवाइयों का कहना है कि अगर स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो उन्हें मजबूरी में पुराने समय के तरीकों पर लौटना पड़ेगा। इससे मिठाइयों की लागत बढ़ेगी और दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे आम आदमी के लिए मिठाइयां खरीदना मुश्किल हो जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें