गोहाना। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी को 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित कृषि अमेरिकी ट्रेड डील के विरोध प्रदर्शन से पहले पेहवा से गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आज किसानों ने गांव रूखी में गोहाना-रोहतक हाईवे पर धरना देकर प्रदर्शन किया। किसानों ने गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और तुरंत रिहाई की मांग उठाई। प्रदर्शन में गांव कथूरा, मदीना, छिछड़ाना, रूखी और माहरा के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए। किसानों ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करना उनका संवैधानिक अधिकार है और किसी भी किसान नेता की गिरफ्तारी से आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चढ़ूनी को जल्द रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में भगत सिंह चेयरमैन, कृष्ण मलिक, सोनू प्रजापति, जसबीर मलिक, तस्वीर मलिक, पूर्ण प्रधान, चांद घिलौड़, बिजेंद्र मदीना और लीला रूखी सहित अनेक किसान मौजूद रहे। संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना