सोनीपत के जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने अनोखे तरीके से सरकार के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने अर्धनग्न होकर बेड़ियों से अपने आपको बांध कर गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। संजय बड़वासनी ने जिला पार्षदों की लंबित मांगों के लिए प्रदर्शन किया है। रोष प्रदर्शन के दौरान संजय बड़वासनी ने कहा कि सरकार से अपील है कि जिला पार्षद को मजबूत किया जाए। जिससे जो पार्षद चयनित होकर आया है, वह अपने क्षेत्र में विकास की गति को बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि गले में बंधी बेड़ियां इस बात की सूचक है कि हमारे हाथ बांध दिए गए है। जिन लोगों ने भरोसा कर हमें वोट दी थी, हम उस भरोसे पर खरा नहीं उतर पा रहे। उन्होंने कहा कि हमें प्रत्येक वर्ष सांसद व विधायक की तर्ज पर जिला पार्षद को एक करोड़ का अतिरिक्त ग्रांट दी जाए। जिससे वह गांव का विकास कर सके। उन्होंने कहा कि वार्ड व गांव की भलाई मेरे लिए सर्वोपरि है। हम अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से भी मिले थे, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। सरकार को चेताने के लिए अर्धनग्न होकर बेड़ियों से अपने आपको बांध कर प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला प्लान कमेटी का गठन किया जाए। महात्मा गांधी आवास योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवारों को 100-100 गज के प्लाट दिए जाए। साथ ही उन्होंने मांग उठाई कि उन प्लाटों पर पक्की गलिया, पानी व बिजली की बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए। जिला पार्षद को विधायक व सांसद की भांति टोल फ्री किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती हम रोष प्रदर्शन करते रहेंगे।