फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरा गांव मेरी शान अभियान के तहत अमर उजाला ने की पहल, बरोदा मोर की हब्बा चौपाल में उठा विकास का स्वर

बरोदा मोर की हब्बा चौपाल में बुधवार को मेरा गांव मेरी शान अभियान के तहत आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं खुलकर सामने आईं। अमर उजाला की इस पहल में गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अधिकारियों के समक्ष स्वास्थ्य, सड़क, सफाई और बुनियादी ढांचे से जुड़ी गंभीर समस्याएं रखीं। चौपाल में सबसे प्रमुख मुद्दा स्वास्थ्य सेवाओं का रहा। ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में एलोपैथिक दवाइयों की कमी पर नाराजगी जताई। हालांकि आयुर्वेदिक सेवाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। मौके पर मौजूद आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन कुमार कंसल ने स्पष्ट किया कि आयुर्वेदिक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रहता है और मरीजों को नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने स्वीकार किया कि एलोपैथिक दवाओं की कमी कभी-कभी हो जाती है, लेकिन इसे शीघ्र दूर करने का प्रयास किया जाता है। गुटबंदी बनी विकास में बाधा चौपाल में पीएचसी के नए भवन का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। ग्रामीणों ने बताया कि बजट और नक्शा स्वीकृत होने के बावजूद आपसी गुटबंदी के कारण निर्माण कार्य ठप पड़ा है। एक पक्ष की तरफ से शुरू किए गए काम को दूसरे पक्ष ने रुकवा दिया। इस पर अधिकारियों ने इसे गांव का आंतरिक मामला बताते हुए आपसी सहमति से समाधान निकालने की सलाह दी। बुनियादी सुविधाओं की लंबी सूची ग्रामीणों ने गांव की गलियों के पुनर्निर्माण, नई गलियों को पक्का करने, तालाबों से दूषित पानी की निकासी, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, पुरानी डिग्गी पाइपलाइन बदलने, डिग्गी तक पक्के रास्ते और श्मशान भूमि तक सडक़ निर्माण की मांग रखी। बरोदा से कोहला जाने वाली सडक़ को भी जल्द बनाने की मांग जोर-शोर से उठी। जोहड़ में जलकुंभी से बढ़ी परेशानी बरोदा मोर के सरपंच वजीर भाटिया ने इनसार जोहड़ में फैली जलकुंभी को हटाने के लिए बजट की मांग रखी। उन्होंने बताया कि जोहड़ पूरी तरह जलकुंभी से ढका हुआ है, जिससे पशुओं को पानी नहीं मिल पा रहा और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अतिक्रमण हटाने की मांग ग्रामीणों ने श्मशान और कब्रिस्तान की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मांग भी उठाई। साथ ही कब्रिस्तान के बीच से निकाली गई अवैध सडक़ को हटाने की भी अपील की गई। अधिकारियों का आश्वासन पंचायत अधिकारी राज कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों तक पहुंचाने और समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें