लघु सचिवालय परिसर में बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। इस दौरान पांच सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल नेअपनी मांगों का ज्ञापन अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन को दिया। प्रतिनिधिमंडल में सीआईटीयू के जिला प्रधान अनीता, वरिष्ठ नेता श्रद्धानंद सोलंकी, सीटू जिला कोषाध्यक्ष आनंद शर्मा, सुनीता व पूनम शामिल रहे। सीटू जिला कोषाध्यक्ष आनंद शर्मा ने बताया कि नौ महीने से आशा कार्यकर्ताओं को मानदेय नहीं मिला है। यह समस्या केवल सोनीपत में ही आ रही है। सिविल सर्जन कार्यालय में मानदेय से संबंधित जो भी कार्रवाई कार्यालय को करनी होती है उसको समय पर नहीं किया जाता है। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना से कॉल कर तुरंत आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय की अदायगी करने के आदेश दिए। आशा कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया है कि जब तक उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गुरुवार से सिविल सर्जन कार्यालय पर धरना शुरू किया जाएगा। उनकी मांग है कि रक्षाबंधन पर्व से पहले बकाया मानदेय का भुगतान किया जाए।