गैस की किल्लत व बढ़ती महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर सुभाष चौक पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार गुप्ता ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बार-बार यह दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की किल्लत के कारण आम जनता परेशान है और कई ढाबे व होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। सुशील कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने के बजाय गोलमोल बातें कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्राइल दौरे पर भी तंज कसा और कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति अब भारत की पारंपरिक नीति से अलग होती जा रही है। उन्होंने अमेरिका के साथ ट्रेड डील और कृषि से जुड़ी वस्तुओं के शुल्क-मुक्त आयात को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इससे देश के किसानों को नुकसान हो सकता है।