सोनीपत में पूर्वी क्षेत्र के 65 संविदा पंप ऑपरेटरों ने वेतन की मांग को लेकर सोमवार को हड़ताल शुरू कर दी। जिसके चलते 12 बूस्टिंग स्टेशन व 70 ट्यूबवेल दिनभर रहे बंद। पानी आपूर्ति ठप होने के कारण करीब डेढ़ लाख लोगों की परेशानी हुई। कॉलोनियों में पानी आपूर्ति न होने पर लोग अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से फोन करते रहे, लेकिन शाम तक कोई राहत नहीं मिल सकी। संविदा कर्मियों ने निगम कार्यालय में धरना दिया और चेतावनी दी कि जब तक उन्हें वेतन नहीं दिया जाएगा तब तक हड़ताल जारी रखेंगे। शहर के पूर्वी क्षेत्र में गांव जाजल स्थित रेनीवेल से रोजाना 14 लाख लीटर पानी आपूर्ति किया जाता है। पंप ऑपरेटर जोगेंद्र सिंह, महेंद्र, विनोद कुमार, ऋषि राज, सूरज कुमार ने बताया कि ठेकेदार की ओर से उन्हें समय पर वेतन के अलावा ईपीएफ व ईएसआई का लाभ नहीं दिया जा रहा है। अक्तूबर 2024 में पानी आपूर्ति करने का टेंडर खत्म हो गया था। उसके बाद निगम प्रशासन ने नया टेंडर लगाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। इस बारे में निगम प्रशासन को कई बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा। तीन माह से वेतन रुका हुआ है। वेतन जारी न होने के चलते उन्हें मजबूरन हड़ताल शुरू करनी पड़ी। धरने पर कर्मियों के बीच कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग पहुंचे और कर्मियों को एक माह का वेतन दिलाने का आश्वासन दिया। जिस पर कर्मियों ने बकाया पूरा वेतन की मांग करते हुए हड़ताल जारी रखने की मांग की।