निकाय चुनाव के दौरान 224 बूथों पर 2.96 लाख मतदाता वोट डाल रहे हैं। शाम पांच बजे तक 40.2 फीसदी मतदान हो सका है। नौ मेयर प्रत्याशी व 89 पार्षद प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। 13 मई को मतगणना होगी। लोकतंत्र के इस पर्व में युवा से लेकर बुजुर्ग भी वोट डालने पहुंचे रहे। भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने पत्नी एवं पूर्व मंत्री कविता जैन के साथ बूथ नंबर 61 पर मतदान किया। कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान ने पत्नी मेघा के साथ बूथ नंबर 28 पर वोट डाला। इसके अलावा विधायक निखिल मदान ने बूथ नंबर 223 पर पहुंचकर मतदान किया। पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने अपने परिवार सहित वार्ड चार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के मतदान केंद्र पर वोट डाला। मालवीय स्कूल व माडल टाउन में केंद्र में ईवीएम में खराबी के चलते आधा से पौना घंटा देरी से मतदान शुरू हो सका। वार्ड नंबर 19 के मतदान केंद्र पर महिला ज्योति ने फर्जी मतदान का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि लाइसेंस दिखा अंग्रेजी में हस्ताक्षर कर कोई उनका वोट डाल गया। उनका कहना था कि उनके पास लाइसेंस नहीं है और वह अंग्रेजी में हस्ताक्षर नहीं करती हैं।