हरियाणा के सोनीपत के गांव बड़ी के राजमिस्त्री राकेश ने मेहनत करके जिस बेटी को कमांडो बनाया ससुराल वालों ने उसकी जान नहीं बख्शी। मामला दिल्ली पुलिस की 27 वर्षीय कमांडो काजल की हत्या का है।दिल्ली पुलिस की कमांडो काजल की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। आरोपी पति अंकुर का नाम उत्तर प्रदेश के एक पेपर लीक मामले से जुड़ चुका है और काजल इस राज को जानती थी। भाई निखिल और मां मीना का कहना है कि इसी राजफाश हो जाने के डर से अंकुर ने उसकी जान ले ली। इसके अलावा भी परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वारदात 22 जनवरी की है। गांव बड़ी से ताल्लुक रखती दिल्ली पुलिस की 27 वर्षीय कमांडो काजल की गन्नौर निवासी पति अंकुर ने सिर पर डंबल मारकर हत्या कर दी थी। दिल्ली पुलिस में बतौर सिपाही तैनात निखिल ने बताया कि उनकी पत्नी को बेटी हुई तो बहन काजल इस खुशी में शामिल होने घर आई थी। 26 जनवरी को ड्यूटी होने की बात कहकर 21 जनवरी को दिल्ली चली गई। क्या पता था कि अगले दिन ही मौत की खबर आएगी।