गोशाला महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को दिल्ली बाईपास साथी स्किल डेवलपमेंट सेंटर में हुई। यहां लावारिस पीड़ित पशु सेवा संघ के संचालक को दूसरी बार महासंघ का प्रांतीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में पुराना अनुदान नहीं मिलने पर चर्चा की गई। इसके लिए दस्तावेज समय पर जमा नहीं कराने वाले गोशाला संचालकों को ही जिम्मेदार ठहराया गया। महासंघ के सदस्य धर्मपाल ने कहा कि गोशाला की स्थिति दयनीय है। इन्हें समय पर अनुदान की आवश्यकता है। इसके लिए गोशाला संचालक भी समय पर दस्तावेज जमा कराएं। व्यवस्था बनाने के लिए सभी अपना सहयोग दें। यहां सभी ने नवनियुक्त अध्यक्ष को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया। प्रधान ने सभी से उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आश्वासन दिया। इस मौके पर मोहन लाल अग्रवाल, मेहताब सिंह, सतपाल शर्मा, राजरूप पांनू, रविंद्र कादयान, हरि सिंह बेनीवाल, रविंद्र सिंह समेत अनेक गोशाला संचालक मौजूद रहे।