महम। पुरानी अनाज मंडी में महादेव मार्केट के सामने स्थित क्राॅकरी की दुकान चलाने वाले राकेश मनचंदा ने दो युवकों पर 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। दूसरी तरफ पुलिस जबरन वसूली नहीं बल्कि लेनदेन का मामला बता रही है। आरोपी युवक रोहित सिवाच के खिलाफ पुलिस छानबीन कर रही है। दुकानदार राकेश मनचंदा ने बताया कि भैणी सुरजन निवासी रोहित सिवाच पिछले दिनों जेल से बाहर आया था। वीरवार शाम पांच बजे रोहित अपने एक साथी के साथ दुकान पर आया। बोला, 10 लाख रुपये दे दो। साथ ही हर माह एक-एक लाख रुपये दिया करो। आरोप है कि उसके मना करने पर दोनों युवकों ने दुकान में ही उसके साथ मारपीट की। डंडे से दुकान के बाहर ले जाकर भी पीटा। घायल को इलाज के लिए महम के अस्पताल ले जाया गया वहां से उसे रोहतक पीजीआई रैफर कर दिया। थाना प्रभारी सतपाल का कहना है कि मामला जबरन वसूली का नहीं बल्कि पैसे के लेनदेन का है। आरोपी युवक रोहित पहले फाइनेंस का काम करता था। शिकायतकर्ता की दुकान के पास ही उसका कार्यालय था। बाद में वह मारपीट के मामले में जेल चला गया। अब बाहर आया है। इसकी जांच पड़ताल कर रहे हैं कि शिकायतकर्ता व आरोपी के बीच कितने पैसों का लेनदेन है। जल्द पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।