पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर तंज कसा है। बोले, मुख्यमंत्री बताएं कि प्रदेश में गुरु की चलती है या चेले की। वे रविवार को डी पार्क स्थित आवास पर मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि भाजपा सरकार उठाती है कि कांग्रेस अभी तक विपक्ष का नेता तक नहीं चुन सकी। इस कारण कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार अभी तक प्रदेश को उसके हक का पानी नहीं दिलवा सकी है। क्योंकि कई साल से भाखड़ा डैम के मैनेजमेंट में हरियाणा का प्रतिनिधि नहीं है। जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हरियाणा को पूरा पानी मिलता था। अब 21 मई के बाद तो भाखड़ा डैम का जलस्तर बढ़ने लग जाएगा। भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर को लेकर हुड्डा ने कहा कि देश सीजफायर के पीछे की सच्चाई जानना चाहता है। अमेरिका के राष्ट्रपति पहले कहते थे कि उन्होंने सीजफायर करवाया। अब बयान से पलट रहे हैं। ऐसे में संसद का विशेष सत्र बुलाकर सरकार देश की जनता को हकीकत बताए। पाकिस्तान के लिए देश की जासूसी करने के आरोप में प्रदेश के युवकों की गिरफ्तारी पर हुड्डा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। एजेंसी गहराई से जांच करें, जो दोषी है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी वाहिए। निर्दोष को फंसाना नहीं चाहिए। कार्यालय तो पहले भी थे रोहतक में, कोई फर्क नहीं पड़ता जजपा के रोहतक में प्रदेश कार्यालय खोलने व इनेलो की ओर से आवास के लिए जमीन तलाशने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इनेलो का पहले भी रोहतक में कार्यालय था। इससे कुछ फर्क नहीं पड़ता। हरियाणा के निर्माण का ताऊ देवीलाल को श्रेय देने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि जब हरियाणा बनाया गया, तब देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व पंजाब के मुख्यमंत्री कामरेड रामकिशन थे। ऐसे में प्रदेश की जनता को पता है कि किसने हरियाणा बनाया। इस मौके पर कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा, शकुंतला खटक, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा व पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी भी मौजूद रहे।