फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतक: जिला परिषद सदन की बैठक में हुई मारपीट

जिला परिषद सदन की जिला विकास भवन में हुई बैठक में वीरवार को वाइस चेयरमैन अनिल कुमार व वार्ड 8 के पार्षद धीरज मलिक बजट को लेकर एक-दूसरे से भिड़ गए। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। यही नहीं, सदन से बाहर आने पर लाठी भी चली। कुछ ही पलों में हाथापाई में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे का गिरेबां तक पकड़ लिया। इस पर वहां मौजूद पार्षदों व अन्य लोगाें ने दोनों को एक-दूसरे से अलग किया। यही नहीं, बैठक के बाद सभागार से बाहर निकलकर वाइस चेयरमैन व अपने एक साथी के साथ पार्षद के पीछे लठ लेकर दौड़ पड़े। लठ लगने से पार्षद के एक साथी के हाथ पर हल्की चोट भी आई। इधर, चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने सभी वार्डों में समान विकास कार्य कराने का दावा किया है। जिला परिषद के पार्षद वीरवार सुबह 11 बजे जिला विकास भवन के सभागार में बजट समीक्षा बैठक पहुंचे। यहां चेयपर्सन मंजू हुड्डा व एडीसी नरेंद्र कुमार की मौजूदगी में बजट की समीक्षा शुरू हुई। यहां वार्ड 13 के पार्षद सतीश के हिस्से का बजट वार्ड चार के पार्षद अनिल कुमार को दिए जाने का मुद्दा उठा। इसका पार्षदों ने विरोध किया। पार्षदों का कहना था कि यदि एक पार्षद को बजट नहीं चाहिए तो वह अपनी मर्जी से किसी दूसरे पार्षद को राशि जारी नहीं कर सकता है। इस राशि का सभी वार्डों में समान रूप से वितरण किया जाना चाहिए। इस संबंध में बजट डिस्ट्रीब्यूशन सुपरविजन कमेटी भी बनी है। इसमें वार्ड 4 के पार्षद अनिल कुमार, वार्ड 8 के पार्षद धीरज मलिक, वार्ड 10 से जयदेव, वार्ड 9 से नीलम व चेयरपर्सन मंजू हुड्डा शामिल हैं। कमेटी की ओर से पार्षद धीरज ने बजट किसी एक पार्षद को देने के बजाय सभी में बराबर बांटे जाने की बात कही। इस पर वाइस चेयरमैन व पार्षद में कहासुनी हो गई। दोनों एक-दूसरे को गाली-गलौज करने लगे। फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। आसपास मौजूद पार्षदों व अन्य लोगों ने एक-दूसरे का गिरेबान पकड़े दोनों लोगों को किसी तरह अलग किया। चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने सभी से सदन की मर्यादा बनाए रखते हुए शांतिपूर्वक बात करने का आग्रह किया। इसके बाद बैठक बगैर किसी फैसले के समाप्त हुई। बैठक के बाद प्रथम तल पर बने सभागार से नीचे आए दोनों में फिर से झगड़ा हो गया। वाइस चेयरपर्सन अनिल अपने एक साथी के साथ लठ लेकर दौड़े। पार्षद धीरज के एक साथी पर लठ से वार भी किया। गनीमत रही कि दाएं हाथ को छूकर निकल गया। दोनों ही पक्षों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की बात भी कही मगर देर शाम तक कोई शिकायत नहीं दी गई थी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें