संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। सीटू और इंटक से जुड़े भवन निर्माण कामगारों ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ हुई बदसलूकी और देशभर में पेपर लीक के मामलों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद अनेक मजदूर, महिलाएं और युवा सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी डीसी कार्यालय तक मार्च करते हुए पहुंचे। मजदूर नेता विनोद ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि जो पेपर लीक हो रहे हैं और जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ लाठीचार्ज किया गया है, उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। सरकार छात्रों की मांगों को सुनने की बजाय उन पर दमन कर रही है। एक तरफ सरकार कहती है कि हम युवाओं के साथ हैं, दूसरी तरफ उनके आंदोलन को कुचल रही है। वहीं, विनोद ने कहा कि सरकार ने भवन निर्माण कामगार बोर्ड का पोर्टल एक साल से बंद कर रखा है जिससे हजारों मजदूरों की सुविधाएं रुकी हुई हैं। मजदूरों का रजिस्ट्रेशन बंद है, पेंशन, छात्रवृत्ति और इलाज जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही। सरकार मजदूरों और छात्रों दोनों का शोषण कर रही है। अगर 10 अगस्त तक मांगें नहीं मानी गईं तो हम पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर इंटक और सीटू के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में महिला मजदूर मौजूद रहीं।