पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि वन नेशन-वन इलेक्शन का कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस ने केवल संविधान में संशोधन किए थे, लेकिन भाजपा संविधान को ही खत्म करना चाहती है। कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।
हुड्डा ने ईवीएम के मुद्दे पर कहा कि चुनाव आयोग की स्थिति कैसी है, सबको पता है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि महागठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए हुआ था। दिल्ली में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए बंगले को मुद्दा बनाया जा रहा है, जो सरकारी है। कांग्रेस दिल्ली चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। जबकि कानून व्यवस्था सही नहीं होगी, तब तक विकास नहीं होगा। पंजाब से ज्यादा मौत नशे के कारण हरियाणा में हो रही है। इस मौके पर रोहतक शहर से विधायक भारत भूषण बतरा व पूर्व सांसद शादीलाल बतरा भी मौजूद रहे।
बेमौसमी बारिश से फसलों को हुआ नुकसान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि बेमौसमी बारिश से गेहूं, सरसों और सब्जियों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखी गई है। सरकार को जल्द इसका संज्ञान लेकर स्पेशल गिरदावरी करवाकर मुआवजा देना चाहिए। उनसे कई गांवों के लोग आकर मिले हैं। आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता डल्लेवाल की हालत बेहद चिंताजनक है। लेकिन, भाजपा उनका संज्ञान तक लेने को तैयार नहीं है। न ही आंदोलनकारियों से बातचीत कर रही है। सरकार को बिना एक भी पल गंवाए जल्द से जल्द किसानों की मांगों का समाधान करते हुए डल्लेवाल का अनशन खत्म करवाना चाहिए।