मंदोला में गत 25 फरवरी को दिन दहाड़े एक मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद लगभग 21 लाख रुपये का सामान व चोरी की गई बाइक सहित दो बाइकें बरामद की गई हैं। थाना खोल पुलिस को दर्ज शिकायत में मंदोला निवासी सरोज देवी ने बताया था कि वह 25 फरवरी को अपने बेटे व पुत्रवधु के साथ सुबह करीब 10 बजे राजस्थान के जैतपुर धाम में दर्शन के लिए गई थी। लगभग साढ़े 12 बजे वापस आने पर घर का ताला खोलकर अंदर जाकर देखा, तो घर में रखी अलमारियों के ताले खुले हुए पाए गए। घर के चार कमरों का सामान बिखरा हुआ था। चोर मकान से तीन सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के कड़े, दो सोने के मंगलसूत्र, चार जोड़ी पाजेब चांदी, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, घर के बाहर खड़ी बाइक व एक लाख रुपये चोरी कर ले गए। उसकी शिकायत पर थाना खोल पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद 26 फरवरी को चोरी का केस दर्ज किया था। पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से प्रयास शुरू किए थे। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद नारनौल के मोहल्ला मिसरवाड़ा निवासी मुकेश उर्फ रिशु को गिरफ्तार किया है। चोरी के जेवरात व बाइक बरामद आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने सोने के चार कड़े, दो मंगलसूत्र व अन्य जेवरात सहित चोरी की बाइक भी बरामद करने में सफलता हासिल की है। डीएसपी पवन कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी का लगभग 21 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर चोरी की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ 8 मामले दर्ज पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी के खिलाफ नारनौल के सिटी थाने में 7 व एक खोल पुलिस थाने में केस दर्ज है। वह एनडीपीएस, अपहरण, चोरी और जुए के मामलों में आरोपी रहा है। वारदात के दिन वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर आया था। पुलिस ने दूसरी बाइक बरामद करने के बाद उसके साथी का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए।