रेवाड़ी। पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से नगर परिषद रेवाड़ी की ओर से वीरवार को नेहरू पार्क में नगर स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने मुख्य अतिथि के रूप में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डीएमसी ब्रह्मप्रकाश अहलावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भी पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना समय की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया जा सकता है। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी अरुणा ढांडा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण देने की दिशा में सामूहिक प्रयास है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।