दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आशाही पुल के पास मंगलवार को एक सवारी से भरे ऑटो और कार की टक्कर हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार ऑटो रेवाड़ी से बावल की ओर आ रहा था। पुल पार करते ही सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ऑटो में सवार यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत बावल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेवाड़ी रेफर कर दिया गया। घायलों में नांगल शहबाजपुर निवासी काजल, अनीता, संतोष और 15 वर्षीय अमन शामिल हैं। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।