भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी जिला रेवाड़ी की टीम ने किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और डीडीपीओ बंसल के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बे मौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर चिंता जताई और जल्द राहत देने की मांग की। जिला प्रधान समय सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 31 तारीख को करीब 80 गांवों में ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की हालत और खराब हो गई। कई गांवों में 70 से 80 प्रतिशत तक फसल का नुकसान हुआ है। किसान यूनियन ने मांग की है कि तीन दिन के अंदर गिरदावरी करवाई जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। इसके साथ ही यूनियन ने प्राइवेट लैब बंद कर सरकारी लैब शुरू करने की भी मांग उठाई। किसानों ने हरियाणा सरकार से 60 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की है, ताकि किसानों को राहत मिल सके। इस मौके पर जिला कार्यकारी प्रधान राजेंद्र कुमार गेरा, महिला जिला प्रधान मुन्नी बूढ़पुर, महिला उप प्रधान मनीषा यादव (बोड़िया कमालपुर), सविता एडवोकेट, पूनम (कमालपुर), ममता यादव, रोशन लाल दरोगा, शीशराम, राजकुमार, अभय सिंह चिहड़, लोकेश (बावल), सुरेश (रामगढ़), राज सिंह ढिल्लों सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।