सरकारी कॉलेज में देर रात एक जानवर दिखने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तस्वीरें कैद हुई हैं। ये नहीं पता चला है कि ये जानवर तेंदुआ है या हायना। इसकी जांच चल रही है। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि पिछले कई दिनों से परिसर और आसपास के क्षेत्र से कुत्ते गायब हो रहे थे। पहले तो इसे सामान्य घटना माना गया, लेकिन जब संख्या लगातार गायब होने की बढ़ती गई तो सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। उसमें एक जंगली जानवर नजर आया। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके में जाल बिछाने के साथ-साथ कैमरे भी लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास जारी हैं ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। कॉलेज प्रशासन ने भी एहतियात के तौर पर छात्रों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वन विभाग ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति जानवर को देखने पर खुद उसे भगाने या पकड़ने की कोशिश न करे, बल्कि तुरंत सूचना विभाग को दे। बताया जा रहा है कि बावल और आसपास के इलाकों में जंगल और खेतों की संख्या अधिक होने के कारण यहां जंगली जानवरों का आवागमन पहले भी होता रहा है। हालांकि, कॉलेज परिसर में जानवर का दिखाई देना पहली बार है।