डेढ़ माह पहले जमीनी विवाद में कैराना के मामौर में हुई हरियाणा के किसान देवेंद्र की हत्या के बाद, अब उनके बेटे को भी बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। शनिवार दोपहर को उनका बेटा रोहित अपने एक दोस्त के साथ धान की फसल कटवाने के लिए मामौर गांव में अपने खेत पर जा रहा था। खेत में पहुंचने से पहले ही बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। पैर में गोली लगने से रोहित घायल हो गए। घायल को जिला नागरिक अस्पताल पानीपत में भर्ती करवाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया। रोहित को सुरक्षा के लिए पानीपत पुलिस ने गनर भी उपलब्ध कराया था। कैराना और पानीपत के सनौली थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।