जिला नागरिक अस्पताल में बदलते मौसम से वायरल बुखार, खांसी-जुकाम के मरीज बढ़ने लगे हैं। इनमें ज्यादातर बच्चे व बुजुर्ग शामिल हैं। अस्पताल में फिजिशियन के पास वायरल बुखार, खांसी-जुकाम, उल्टी-दस्त के मरीजों की ओपीडी 500 से ज्यादा रहने लगी है। वहीं बुधवार को गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में ओपीडी बंद रहने से वीरवार को मरीजों की भीड़ ज्यादा रही। वीरवार को ओपीडी दो हजार से ज्यादा रही। लोगों को पर्याप्त बैंच न होने से फर्श पर बैठकर अपने नंबर का इंतजार करना पड़ा। सुबह व शाम के समय ठंड बढ़ने से अस्पताल में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। बुधवार को ओपीडी बंद होने से वीरवार को ओपीडी दो हजार से ज्यादा रही। अस्पताल में नेत्र जांच, सांस संबंधी बीमारियों के, ईएनटी ( आंख, कान और गला ) के साथ वायरल बुखार व खांसी-जुकाम, उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ रहे हैं। फिजिशियन कक्ष के बाहर सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक मरीजों की लाइन लगी रही। लोगों को दवा लेने दो-दो घंटे का समय लग रहा है। बिंझौल निवासी सुमन ने बताया कि वह अपने बेटे को बुखार के लिए दवा दिलाने के लिए सुबह अस्पताल में नौ बजे पहुंच चुकी थी लेकिन भीड़ होने से उसे पंजीकरण करवाने, चिकित्सक को दिखाने में और दवा लेने में दो घंटे का समय लग गया। इस दौरान उसे चिकित्सक को दिखाने के लिए फर्श पर बैठकर अपने नंबर का इंतजार करना पड़ा। मौसम बदलाव से जिला नागरिक अस्पताल में मरीज बढ़ने लगे हैं। अस्पताल में मरीजों को समय पर इलाज व दवा दी जा रही हैं। अस्पताल में बैंच की सुविधा है। वीरवार को भीड़ ज्यादा रही। चिकित्सक लोगों को दवा के साथ स्वस्थ रहने के लिए जागरूक भी कर रह हैं। -डॉ. श्यामलाल, एमएस पानीपत।