भारत-पाक तनाव के बीच जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती जिले बारामुला की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत पानीपत के छात्र मुकेश राठौर समेत प्रदेश के 16 छात्रों और पड़ोसी राज्य राजस्थान के छात्रों को सकुशल घर पहुंचा दिया गया है। छात्र मुकेश राठौर के अभिभावकों द्वारा पानीपत शहरी विधायक प्रमोद कुमार विज को नौ मई को छात्रों को घर पहुंचाने की मदद मांगी थी| विधायक विज ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल से बात कर बच्चों को सकुशल उनके घरों तक पहुंचाया। विधायक विज ने बातचीत में कहा कि पहलगाम में कायराना हरकत का बदला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया है। साथ में देश के आम नागरिकों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है। बच्चों के अभिभावकों ने सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भारत सरकार और राज्य सरकार के आभारी हैं। जिनके प्रयासों से उनके बच्चे सुरक्षित घर लौट पाए। वहीं छात्र मुकेश ने कहा कि तनाव के माहौल में सभी बच्चे बहुत डरे हुए थेद्ध सरकार ने उनकी एक मांग पर उन्हें खतरे से बाहर निकाल कर उनके घर पहुंचाया।