जिला सचिवालय के द्वितीय तल स्थित कांफ्रेंस हॉल में मंगलवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवाएं) मंत्री श्री कृष्ण कुमार ने की। बैठक में समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। बैठक में 12 में से पांच समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया। बाकी सात शिकायतों को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। बैठक में पहली शिकायत सुल्तान सिंह व अन्य निवासी टीडीआई सिटी ने रखी। इसमें कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया गया। मंत्री ने संबंधित विभाग को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दूसरी शिकायत गुलशन तलवार व अन्य द्वारा पार्शवनाथ कॉलोनी में जमीन व बुनियादी सुविधाओं से संबंधित थी। इसे अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। तीसरी शिकायत जोगिंदर मलिक द्वारा संपदा अधिकारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से संबंधित रहा। इसमें प्लॉट आवंटन का मामला था। इस पर मंत्री ने मौके पर ही समाधान किया।