गूगल-पे से जबरन रुपये ट्रांसफर करवाने के मामले में पुलिस ने रामपुर निवासी आरोपी कृपाल सिंह और बरोटी वाला निवासी आशीष मेहता को गांव रामपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई कर गिरफ्तारी की गई है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अब्दुल वाहिद गांव भदोखर जिला सिद्धार्थनगर निवासी है। वह गांव रामपुराजंगी में कई सालों से कबाड़ी का काम करता है। पीड़ित रोज की तरह खाना खाकर दुकान पर बने टीन शेड के नीचे सो गया। उसी रात तीन युवकों ने अब्दुल वाहिद के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़ित ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी देकर जबरदस्ती गूगल-पे से 58 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा जेब में रखे तीन हजार रुपये छीनकर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना पिंजौर में मामला दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई कर 15 जनवरी को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गांव रामपुर से गिरफ्तार किया था। वीरवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि लूटी संपत्ति को रिकवर करने के साथ ही तीसरे आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।