पंचकूला सेक्टर 10 में देर रात अचानक एक घर के आगे बम पटाखों से भरा डिब्बा रखकर उसे आग लगाकर शरारती तत्व फरार हो गए। रात लगभग 12 बजे अचानक धमाकों की आवाजें सुनकर लोग सहम गए और बाहर आकर देखा, तो कोई नहीं था, पटाखे लगातार बज रहे थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चैक करने पर पता चला कि एक सियाज मारुति कार में दो शरारती तत्व आए थे और डिब्बे में बम पटाखे रखकर आग लगाने के बाद भाग गए। पुलिस चौकी सेक्टर 10 प्रभारी गुरपाल सिंह से मुलाकात में हाउस आनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर 10 चेयरमैन भारत हितैषी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मकान नंबर 662-665 सेक्टर 10 के सामने एक मारुति सियाज कार आ रुकी। उसमें से एक अज्ञात युवक बाहर निकाला और एक कार के अंदर ही बैठा। बाहर निकले युवक ने पटाखा बारुद से भरा एक बाक्स मकान नंबर 662 के सामने पार्क में बैंच पर रखकर आग लगा दी। रात के समय तेज बम बजने की आवाजें आने पर लोग बाहर निकल आए। लगभग 15 मिनट तक बम पटाखे बजते रहे, जिससे वरिष्ठ नागरिक घबरा गए। भारत हितैषी ने बताया कि जिस कारण पटाखों को आग लगाकर युवक भागे, उससे आसपास खड़े वाहनों को भी आग लग सकती थी। इस घटना के पीछे कारणों का पता नहीं चल पाया है। लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है, क्योंकि रात को यदि कोई भी इस प्रकार कहीं पर भी बम पटाखे रखकर आग लगा सकता है, तो कोई भी अन्य वारदात को अंजाम दे सकता है। यह सुरक्षा में सेंध थी। दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। पार्क कमेटी के प्रधान बृज लाल जैन, होवा के प्रधान बीएम कौशिक, मंजीत बेदी, मुकेश गोयल, सुनील गुप्ता, रवि भारद्वाज, बीएल बंसल, मेहर सिंह ठाकुर, परवेश कुमार, एनके मित्तल भी उपस्थित रहे। सेक्टर 10 चौंकी प्रभारी गुरपाल सिंह ने कहा कि इस पटाखेबाजी को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों को जल्द पकड़ा जाएगा और सेक्टर के अंदर पुलिस गश्त तेज की जाएगी।