सेक्टर-12 निवासी हर्षुल गर्ग ने नीट यूजी 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरी ट्राइसिटी का नाम रोशन किया है। गुरुवार 10:45 बजे घोषित हुए परिणाम में हर्षुल ने 720 में से 695 अंक हासिल कर देशभर में 66वां रैंक हासिल किया। यह जानकारी हर्षुल के पिता डॉ. वी के गर्ग ने दी। डॉ. वी के गर्ग वर्तमान में आयुष्मान भारत, स्वास्थ्य विभाग हरियाणा, सेक्टर-6 में चिकित्सक के पद पर तैनात हैं। पिता ने बताया कि परिणाम के समय हर्षुल जगन्नाथ यात्रा में गया हुआ था। देर रात पिता से हुई बातचीत में हर्षुल ने बताया कि वह भगवान जगन्नाथ जी का रथ खींच रहे थे और शुक्रवार तक फ्लाइट पकड़कर वापस पंचकूला लौटेंगे। हर्षुल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। डॉ. गर्ग ने बताया कि हर्षुल ने 10वीं कक्षा लिटिल फ्लावर स्कूल, सेक्टर-14 से आईसीएसई बोर्ड में ऑल इंडिया सेकंड रैंक के साथ पास की थी। उसी समय मेधावी ने डॉक्टर बनने का संकल्प लिया था। 12वीं की परीक्षा राजपुरा से 98 प्रतिशत अंकों के साथ पास की।