होडल स्थित रामहेत कॉलोनी में चार दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान लोगों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे-19 पर जाम लगा दिया। बिजली संकट से नाराज कॉलोनीवासियों ने हाईवे के चारों मार्गों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर होडल के डीएसपी सुरेश भड़ाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनी और बिजली निगम के अधिकारियों से बातचीत की। डीएसपी ने कॉलोनीवासियों को जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया।