राजकीय महाविद्यालय कृष्ण नगर में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर के दौरान जिला रेड क्रॉस सोसायटी नारनौल द्वारा टीबी उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को टीबी के प्रति जागरूक करना तथा समाज से इस बीमारी को समाप्त करने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर रेड क्रॉस की ओर से विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है और समय पर जांच व नियमित दवा से इसे खत्म किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़ने की शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने अपने आसपास लोगों को जागरूक करने तथा टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव न करने का संकल्प लिया। अंत में एनएसएस अधिकारियों ने सभी का आभार व्यक्त किया।