महेंद्रगढ़ क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बूंदाबांदी के कारण खेतों में गेहूं की कटाई व सरसों की थ्रेसिंग का काम रुका हुआ था। शनिवार व रविवार को हल्की बदलवाई के बाद धूप खिलने से अब खेतों में काम ने रफ्तार पकड़ी है। किसानों ने भी मशीनों और प्रवासी मजदूरों के सहारे फसल कटाई में तेजी से काम शुरू कर दिया है। बता दे की महेंद्रगढ़ जिला में इस बार 2.72 लाख एकड़ में सरसों व 70 हजार एकड़ में गेहूं की फसल है। किसानों द्वारा करीब 60 प्रतिशत सरसों की थ्रेसिंग का कार्य पूरा कर लिया है जबकि 40 प्रतिशत अभी खलिहानों में ही है। वहीं 70 हजार एकड़ में से गेहूं की कटाई का 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वही मौसम विभाग की ओर से 7 अप्रैल से 9 अप्रैल तक फिर से हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है जिसके चलते किसानों ने फसलों की कटाई में तेजी से काम शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से हुई बूंदाबांदी से सरसों के खलिहानों में नमी बढ़ने से किसानों द्वारा गुणवत्ता प्रभावित होने व नुकसान की भी आशंका जताई जा रही है।