* थाना प्रभारी बोले- पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर, जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव संवाद न्यूज एजेंसी कनीना। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कनीना सदर पुलिस थाने में मंगलवार को दोस्त पुलिस कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत एसडीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल छिथरोली के 45 विद्यार्थियों को पुलिस थाने का भ्रमण कराया और कार्य की जानकारी प्रदान की। बता दें कि इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाना व युवाओं को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए 24 घंटे उपलब्ध है। कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें और ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति वीडियो कॉल, फर्जी लिंक, लॉटरी, नौकरी या अन्य किसी बहाने से ठगी करने का प्रयास करे तो उससे तुरंत दूरी बनाएं और पुलिस को सूचित करें। उन्हें एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर तुरंत कॉल करें। ------------------ * विद्यार्थियों के सवाल, पुलिस के जवाब बिंदू - कोई व्यक्ति अभद्र व्यवहार करे तो क्या करना चाहिए? पुलिस- घबराने के बजाय तुरंत डायल-112 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। -------- सरोज- फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना लें तो क्या करें? पुलिस- ऐसे मामलों में स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें, साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दें। --------- लता- घटनात्मक मामलों में पुलिस शिकायतकर्ता को साथ क्यों ले जाती है? पुलिस- पुलिस घटना की जानकारी के लिए शिकायकर्ताा को लेकर जाती है ताकि उचित जानकारी मिल सके और जांच में पुलिस को सहयोग मिले।