शहर स्थित रामलीला मैदान में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संवाद कार्यक्रम करवाया गया। इसमें शहर के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और अब हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। बता दें कि कार्यक्रम की थीम तीन साल के विकास कार्य और लोगों की उम्मीद रहा। इसमें शहर में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क व अन्य निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री प्रयोग, स्ट्रीट लाइटें, नगर पालिका से परिषद बनना, शौचालयों की दशा व निर्माण, पार्किंग, रोडवेज सब डिपो बनना, वार्डों में अतिक्रमण पर लगाम, शहर में बाईपास निर्माण आदि मुद्दे प्रमुखता से उठे और लोगों ने अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि दो साल तक अधिकारियों की स्थाई नियुक्ति नहीं होने व सुस्त कार्यशैली से शहर में कोई विकास कार्य नहीं हो पाए और अब एक साल में अधिकारियों के बदलाव व नगर पालिका के तालमेल से कार्य चल रहे हैं। इस दौरान हलवाई एसोसिएशन प्रधान घीसाराम, व्यापारी शिव अग्रवाल, पार्षद मुकेश कुमार आदि ने भी अपने विचार रखे।