नारनौल में चकबंदी कार्यालय तीन दिन से बंद मिलने और अधिकारियों के समय पर उपलब्ध न होने से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को इस समस्या से परेशान एक युवती ने कार्यालय परिसर में हंगामा कर विरोध जताया। शहर निवासी प्रीति अग्रवाल ने बताया कि वह लगातार तीन दिनों से अपने कार्य के लिए कार्यालय के चक्कर काट रही हैं, लेकिन संबंधित पटवारी नहीं मिल रहे। पहले दिन कर्मचारियों ने फोन करने को कहा, पर फोन बंद मिला। दूसरे दिन भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि डेढ़ महीने से कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों में भेजा जा रहा है। प्रीति के अनुसार, पटवारी ने 11 बजे आने का समय दिया था, लेकिन वह सुबह से इंतजार करती रहीं और अधिकारी नहीं पहुंचे। इससे लोगों में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर रोष है। मामले की शिकायत तहसीलदार के बाद जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार तक पहुंची। डीआरओ ने कहा कि शिकायत की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।