कोरियावास मेडिकल कॉलेज के नामकरण को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कोरियावास के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर कॉलेज के सामने नारेबाजी की। वहीं एक दिन पहले जब कॉलेज के बार महर्षि च्यवन ऋषि के नाम का बोर्ड लगाया जा रहा था तो कुछ ग्रामीणों ने बोर्ड लगाने से रोक दिया था। बता दें कि कॉलेज का नामकरण हरियाणा सरकार द्वारा महर्षि च्यवन ऋषि के नाम पर रखा गया है। लेकिन ग्रामीण इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। इसी को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने बैठक कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन लिखा है। ज्ञापन में कहा गया कि 29 जुलाई 2024 को उपायुक्त को कॉलेज का नामकरण व आरक्षण के लिए पत्र लिखा गया था। लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। वहीं 25 मई 2023 को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के माध्यम से तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र दिया गया था। इसके बाद 22 जुलाई 2024 को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम दिया गया था। लेकिन इसका भी कोई जवाब नहीं आया है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव की पंचायत ने सरकार को 76 एकड़ 6 कनाल 13 मरला जमीन मात्र एक रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से बिना शर्त के आधार पर दी है। ग्रामीणों ने बैठक कर महर्षि च्यवन ऋषि के नाम पर आपत्ति जताई। उन्होंने बैठक में कहा कि मेडिकल कॉलेज का नामकरण देश की आजादी के महानायक राव तुलाराम के नाम पर रखा जाए। इस बैठक में गांव की बैठक में सरपंच, ग्रामीण नौनिहाल सिंह, रामनिवास, बाबूलाल पंच, भगवान सिंह, जगदीश, महेश कुमार, अशोक कुमार, कैलाश जाखड़, बहादुर सिंह, विक्रम सिंह, रामअवतार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।