नारनौल। उत्तर पश्चिम रेलवे के फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी रेलखंड पर कुंड, पाली और खोरी स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते दिल्ली-जैसलमेर रेलसेवा के पूर्व में निर्धारित परिवर्तित मार्ग में संशोधन किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रेलसेवा 21 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन पहले निर्धारित परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा के बजाय अब रेवाड़ी-महेंद्रगढ़-लोहारू-सीकर-रींगस होकर संचालित होगी। संशोधित मार्ग के तहत ट्रेन को महेंद्रगढ़, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़ और सीकर स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। रेलवे के इस बदलाव से महेंद्रगढ़ और आसपास के यात्रियों को दिल्ली-जैसलमेर रेलसेवा के माध्यम से यात्रा करने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित मार्ग और समय की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।