निजामपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निजामपुर एवं नांगल चौधरी केंद्रों की ओर से नशामुक्त समाज निर्माण का प्रेरक संदेश दिया गया। बीके मधु बहन की अध्यक्षता में आयोजित नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम में 65 महिला-पुरुषों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नारनौल से पहुंचीं मुख्य अतिथि बीके रतन दीदी ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मोतीलाल अग्रवाल, बाबूलाल गर्ग, मुन्नी देवी सहित संस्थान के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के आध्यात्मिक संदेश के साथ समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने का संकल्प भी दिलाया गया। ब्रह्माकुमारी मधु बहन ने बताया कि दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में संस्थान की सभी शाखाओं में रक्षाबंधन महोत्सव के साथ ‘नशामुक्त भारत अभियान’ और ‘मिशन स्पंदन’ के तहत विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में देशभर के उपसेवा केंद्रों पर 20 अगस्त तक 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञाएं दिलाने का महाअभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज ही सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।