नारनौल में शनिवार दोपहर बाद अचानक से मौसम बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से आमजन को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं मौसम विभाग ने दो जून तक बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम परिवर्तनशील रहने से इस बार नौतपा का असर भी कम देखने को मिल रहा है। नौतपा के सातवें दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि लगातार पूर्वी हवाओं और एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम परिवर्तन शील बना हुआ है। अब 2 जून को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर चार जून तक रहेगा। इस दौरान भी बारिश होने की मौसम विभाग संभावना जता रहा है।