हरियाणा के पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव ने शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका पेट बिल्कुल ठीक है, पता नहीं किसके पेट में दर्द हो रहा है। वहीं आरती राव के ‘लकीर बड़ी होने’ वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अभी लकीर खींचने का समय नहीं आया है। डॉ. अभय सिंह यादव गांव मंडलाना में शहीद ओमप्रकाश यादव की प्रतिमा के अनावरण समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि नांगल चौधरी के अलावा अटेली, नारनौल व महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लोग उन्हें चाय पर बुलाते हैं, लेकिन वे फिलहाल किसी के यहां नहीं जाते, क्योंकि अभी ऐसा कोई समय नहीं आया है। इससे पहले शहीद ओमप्रकाश की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्होंने मंडलाना गांव को शहीदों की नर्सरी बताया। उन्होंने कहा कि इस गांव में तीन शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित हैं और देश के लिए प्राणों की आहुति देने से बड़ा कोई बलिदान नहीं होता। उन्होंने बताया कि शहीद ओमप्रकाश वर्ष 1980 में वीरगति को प्राप्त हुए थे और 18 अप्रैल को उन्हें शहीद का दर्जा मिला था। इस मौके पर ब्रिगेडियर मोहन सिंह शेखावत व शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष टीसी राव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।