नारनौल। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की रेवाड़ी इकाई ने नारनौल फायर स्टेशन के फायरमैन संदीप को सोमवार देर शाम 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फायर एनओसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। जिस पर एसीबी ने कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि साहिल नामक मेडिकल स्टोर व अस्पताल संचालक ने फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित कराने का आवेदन किया था। उसे फायर एनओसी भी जारी करानी थी। आरोप है कि फायरमैन संदीप ने इस कार्य के लिए करीब 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत की जांच के बाद एसीबी रेवाड़ी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान संदीप को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। इस संबंध में एसवी एंड एसीबी थाना गुरुग्राम में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी संदीप से पूछताछ की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है। ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें।