नारनौल में आकाश इंस्टीट्यूट के पास हेलिकॉप्टर गिरने की झूठी सूचना ने हड़कंप मचा दिया। इसके बाद दमकल विभाग की गाड़ी व पुलिस मौके के लिए रवाना हुई लेकिन सूचना गलत होने के बाद वापस लौट गई। डायल 112 पर करीब 11 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि नारनौल में हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। इतना ही नहीं उसने आकाश इंस्टीट्यूट के पास गिरने की भी बात कही। इसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके लिए टीम रवाना हो गई। साथ ही दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। हेलिकॉप्टर क्रैश की सूचना के बाद एक घंटे तक तलाश किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन किसी भी तरह का मलबा या हादसे का निशान नहीं मिला। प्राथमिक जांच में यह किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी कॉल करना प्रतीत हो रहा है। दमकल विभाग अधिकारी राजबीर ने बताया कि उन्हें हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली थी। इसके बाद दो दमकल गाड़ी नारनौल से भेजी गई वहीं अटेली दमकल केंद्र को भी अलर्ट कर दिया। इसके बाद जिस नंबर से फोन आया था उसके पास वापस भी किया गया था लेकिन नंबर बंद आ रहा है।