नारनौल क्षेत्र में मौसम ने करवट ले ली है और बुधवार शाम से हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। प्रोफेसर डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 18 मार्च से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में 18, 19 व 21 मार्च के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस मौसम प्रणाली के असर से तापमान में गिरावट आएगी और दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में जल निकासी का ध्यान रखें और कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। बारिश के दौरान कीटनाशकों का छिड़काव व सिंचाई से बचें। ओलावृष्टि और बिजली गिरने के समय पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।