नारनौल। राजकीय महाविद्यालय नारनौल में रेड रिबन क्लब और यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। प्राचार्य ने बताया कि उच्चतर शिक्षा आयुक्त और जिला उपायुक्त अनुपमा अंजलि के निर्देशानुसार महाविद्यालय में रेड रिबन प्रकोष्ठ व यूथ रेड क्रॉस द्वारा जिला व पुलिस प्रशासन के सहयोग से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के तहत विद्यार्थियों को संतुलित आहार, स्वस्थ व्यवहार और नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। दुर्गा शक्ति प्रभारी इंस्पेक्टर मीनाक्षी शर्मा ने विद्यार्थियों को हरियाणा सरकार की ओर से 9 अगस्त को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय नशामुक्ति मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली भी निकाली गई। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के एनसीसी, एनएसएस, यूथ रेड क्रॉस के स्वयंसेवक और पूरा स्टाफ 9 अगस्त की मैराथन में भाग लेकर नशामुक्त हरियाणा अभियान को मजबूत करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. हवा सिंह, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. विजय दीप गौड़, डॉ. प्रवीण गौरिया सहित महाविद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने सहयोग दिया।